“कपड़े सस्ते थे, सपने नहीं”

Share

रायपुर में जन्मा आत्मविश्वास, जो अब कभी कम नहीं होता

रायपुर मेरे लिए केवल एक शहर नहीं रहा।
यह मेरे व्यक्तित्व का निर्माण स्थल है, मेरी आत्मा का रंग, और मेरे सपनों का पहला ठिकाना। छोटे कस्बे से निकलकर जब मैं इस शहर की धड़कन में शामिल हुआ, तब न तो जेब भारी थी और न ही पहचान कोई ख़ास। पर हाँ, आंखों में एक सपना था – खुद को साबित करने का, बिना किसी शोर के।

वर्ष था 2007-08
मैंने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा, रायपुर में बी.टेक (कृषि अभियांत्रिकी) में दाखिला लिया था। मेरा हॉस्टल – क्षीरसागर छात्रावास – नए सपनों और डर के बीच की एक मजबूत दीवार की तरह था। तब एंटी-रैगिंग कमेटियाँ नहीं थीं, जो आज हैं। रैगिंग तब एक अलग ही किस्सा होती थी – डर, आदेश, अनुशासन और सबसे ऊपर, “खुद को ढालने का स्कूल”।

रैगिंग से मिली हिम्मत, डर नहीं
पहले कुछ हफ्तों तक, हर रात किसी जंग की तरह होती।
हर शनिवार रात भर जगना, सीनियर्स के हिसाब से उठना-बैठना, थर्ड बटन मजरे रखना, गाली न देना, फॉर्मल पहनना, बाल छोटे रखना, और सबसे अहम हर जगह जिस वक़्त पर सीनियर्स दिख जाते उनको गुड मॉर्निंग/गुड आफ्टरनून/गुड इवनिंग बोलना।

शुरू में ये सब नियम किसी जेल की तरह लगते थे। पर जैसे-जैसे दिन बीतते गए, एक बात समझ आई – ये रैगिंग किसी उत्पीड़न से ज़्यादा संस्कार देने वाली प्रक्रिया थी, जिसने मुझे सिखाया कि झुकना कमजोरी नहीं, समझदारी है।
यही दौर था जिसने मुझे ‘झिझक’ और ‘डर’ से बाहर निकाला। यही वह समय था जब मैंने खुद में आत्मविश्वास की पहली ईंट रखी।

पर सबसे बड़ी चुनौती थी – “दिखना अच्छा, कम पैसों में”
कॉलेज में एक अनकहा कोड था – जब तक वेलकम पार्टी न हो, तब तक हमेशा फॉर्मल ड्रेस में रहो।
अब सोचिए, एक मध्यमवर्गीय लड़का जो कस्बे से आया है, जिसकी जेब में सीमित पैसे हैं, वह रोज़ फॉर्मल कैसे पहने?

उस दौर में एक बढ़िया शर्ट-पैंट का सेट 1000 रुपये से कम का मिलता ही नहीं था। और कॉलेज के हिसाब से कम-से-कम 5-6 सेट चाहिए होते थे।
तो या तो कोई बहुत अमीर हो, या फिर कोई बहुत होशियार।

रायपुर ने दिया ‘जुगाड़ का हीरो’ बनने का मौका
यहीं आया रायपुर मेरे काम।
एक परिचित ने मुझे बताया कि मालवीय रोड पर, तब के नगर निगम कार्यालय के पास, एक दुकान है — K-3000
यहाँ 100 रुपये में शर्ट और पैंट का कपड़ा मिलता था। और डायनॉ सिलाई – यानी थोक टेलरिंग – उस ज़माने में 125 रुपये में हो जाती थी।

अब जरा सोचिए — 225 रुपये में एक सेट तैयार!
मैंने 6 जोड़ी कपड़े सिलवाए, एक पूरे सेमेस्टर के लिए।
हर दिन नया लुक, नया आत्मविश्वास।

कॉलेज में लोगों को लगता था, “साले के पास तो खूब पैसे हैं। हर दिन नया कपड़ा!”
उन्हें क्या पता था कि मेरी सबसे कीमती चीज़ ‘कपड़े’ नहीं, बल्कि ‘सोच’ थी।
उन सस्ते कपड़ों को प्रेस करके पहनने का अंदाज़ और आत्मविश्वास ही मेरा असली स्टाइल स्टेटमेंट था।

इस अनुभव ने मुझे तीन गहरी बातें सिखाईं:

  1. आपकी पहचान आपके कपड़े नहीं, आपका आत्मविश्वास तय करता है।

अगर आप साफ-सुथरे हो, सलीके से बोलते हो और आत्मसम्मान रखते हो — तो सामने वाला कीमत नहीं, कद देखता है।

  1. जुगाड़ सिर्फ बचत नहीं, रचनात्मकता है।

जब संसाधन सीमित हों, तब जुगाड़ ही असली हुनर बनता है। K-3000 दुकान मेरे लिए सिर्फ कपड़ों की दुकान नहीं थी, वो मेरी ‘फैशन यूनिवर्सिटी’ थी।

  1. शहर आपको उतना ही देता है, जितना आप उसके साथ चलने को तैयार होते हो।

रायपुर ने मुझे रोका नहीं, परखा ज़रूर। और जब मैंने उसका इम्तिहान पास किया, तब उसने मुझे अपनाया।

जब सीनियर बना, तब दिया वो ‘राज़’ अपने जूनियर्स को
वक्त गुज़रा।
मैं जूनियर से सीनियर बन गया।
अब मेरी बारी थी डराने की नहीं, संवारने की।
जब नए लड़के डरते थे, शर्माते थे, तब मैं उन्हें वही राज़ बताता था — K-3000 दुकान
“बेटा, कपड़ा सस्ता हो सकता है, पर तुम सस्ते मत लगो। कपड़े अच्छे से धोकर प्रेस करके पहनना, मुस्कुरा कर चलना — दुनिया खुद ब खुद इज्ज़त देगी।”

आज जब पीछे मुड़कर देखता हूँ…
तो वो 225 रुपये का एक-एक सेट मेरे लिए लाखों का लगता है।
वो पहली बार सीनियर्स के सामने डटकर बोलना, वो पहली बार बिना डरे क्लास में प्रजेंटेशन देना, और वो पहली बार किसी दोस्त के मुंह से सुनना —
“तू तो यूनिवर्सिटी में जमेगा भाई।”

ये सब कुछ, उसी ‘सस्ते कपड़े’ वाले लड़के की कहानी है — जो कभी बड़ा दिखने की कोशिश नहीं करता था, बस सलीके से जीता था।

और अगर आप अभी किसी नए शहर में हो…
तो याद रखना

महंगे कपड़े मत खोजो, महंगे ख्वाब देखो।
महंगी चीज़ें नहीं, साफ़ सोच और साफ़ आत्मा रखो।
कभी किसी को मत बताओ कि जेब में कितना है।
दिखाओ कि तुम कितने सच्चे हो, और अपने सपनों के लिए कितने पक्के हो।
अंत में बस यही कहूँगा:
“कपड़े सस्ते थे, सपना नहीं।
रायपुर ने वो तहज़ीब दी, जिसने मुझे बोलना सिखाया — बिना चिल्लाए, बिना दिखाए।”

अगर आप भी किसी नए शहर में पढ़ाई कर रहे हो, या शुरू कर रहे हो अपना सफर — तो कमेंट में अपना अनुभव ज़रूर लिखिए।
शायद किसी और की जेब हल्की हो, पर हिम्मत भारी हो — और आपकी कहानी उसे राह दिखा दे।

  • एम बी बलवंत सिंह खन्ना
    (गाँव से रायपुर और रायपुर से… अब जहाँ तक हौसला ले जाए)

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top