Share

लेखक: एम. बी. बलवंत सिंह खन्ना ©️

वो वक्त था जब प्यार के लिए सोशल मीडिया नहीं, साहस और संयोग की ज़रूरत होती थी।
जब मोहब्बतें चिट्ठियों से चलती थीं और मोबाइल नाम का चमत्कार शहरों के साथ गांवों में दस्तक दे रहा था।
साल था 2008 जब हर हाथ में की-पैड मोबाइल आने लगे थे जिसमे न इंटरनेट, न व्हाट्सएप, न इंस्टाग्राम।
हर कॉल, हर मैसेज की अपनी कीमत थी और हर रिचार्ज की अपनी एक छोटी-सी कहानी।

गली-मोहल्लों की किराने की दुकानों में तब सिर्फ़ नमक-तेल नहीं, मोबाइल रिचार्ज भी मिलने लगा था
और इन्हीं दुकानों से कई रिश्ते, कई किस्से जन्म लेने लगे थे।
ऐसा ही एक किस्सा था ऋषिका और वैभव का।

उस मोहल्ले की धड़कन थी कान्हा भइया की छोटी-सी दुकान जहाँ भइया अक्सर मुस्कुराते हुए मिलते।
वे केवल दुकानदार नहीं थे – मोहल्ले के सलाहकार, खबरनवीस, और कभी-कभी गवाह भी।
हर कोई उन्हें जानता था और हर किसी को वे जानते थे।

“भइया, पचास का डाल दो आईडिया में पैसा एक दो दिन में दूँगा ”
“कोई बात नहीं, पैसे बाद में दे देना।”

उनकी दुकान एक विश्वास की जगह थी।

एक शाम, जब मई की धूप दोपहर को जलाकर थोड़ी शांत हुई थी, ऋषिका वहाँ आई।
बारहवीं की छात्रा, गली के उस पार रहने वाली- हमेशा चुपचाप, जल्दी-जल्दी बोलने वाली लड़की।
उस दिन भी उसने कहा-

“कान्हा भइया, रिलायंस में बीस का बैलेंस डाल दीजिए।”

कान्हा भइया मुस्कुराए, बोले —

“लिख दे गुड़िया, नंबर डायरी में।”

डायरी के कोने में उसने धीरे से लिखा 9329 से शुरू होने वाला नंबर, साफ-सुथरी हैंडराइटिंग में फिर चली गई

उसी वक़्त, दूसरी गली से वैभव आया
बी.ई. सेकंड सेमेस्टर में पढ़ने वाला, बगल के मोहल्ले का रहने वाला, जिसे कान्हा भइया “छोटे इंजीनियर” कहकर बुलाते थे।
भइया किसी और ग्राहक में व्यस्त थे, तो वैभव का ध्यान डायरी पर चला गया।
पन्ने पर वही नंबर अब भी खुला था।
नीचे लिखा “रिलायंस, 20 रुपये।”

उसने एक पल को झिझका, फिर अपने मोबाइल में वह नंबर चुपके से सेव कर लिया।
अजीब-सी बेचैनी थी जैसे कोई अपराध कर रहा हो।
रातभर वह सोचता रहा, “भेजूं या नहीं?”
आख़िर तीसरे दिन उसने एक छोटा-सा मैसेज भेज दिया

“Hi…”

कुछ देर में मोबाइल बीप हुआ। जवाब आया

“कौन?”

वैभव ने घबराते हुए लिखा —

“मैं… आपके मोहल्ले से हूँ। बस ऐसे ही Hi कहा।”

उत्तर आया —

“मेरा नंबर कहाँ से मिला?”

वो कुछ देर सोचता रहा, फिर सच्चाई लिख दी —

“कान्हा भइया की डायरी से…”

थोड़ी देर की ख़ामोशी के बाद एक और मैसेज आया —

“आपको शर्म नहीं आती? किसी की प्राइवसी में झाँकना ठीक बात नहीं। अब दोबारा मैसेज मत करना।”

वो पहला संवाद था — और शायद आख़िरी भी।
वैभव ने फोन बंद कर दिया, और कई दिनों तक उस डायरी की तरफ़ देखना भी छोड़ दिया।

पूरा महीना बीत गया।
एक शाम, जब वो क्लास से लौट रहा था, उसका मोबाइल फिर बीप हुआ —

“हेलो मिस्टर नंबर चोर!”

उसका दिल धक से रह गया।

“कम से कम अब पहचान तो ली आपने!” उसने हँसते हुए जवाब लिखा।

“इतना खुश मत होइए,” उधर से मैसेज आया,
“मैंने बस इसलिए लिखा क्योंकि मुझे इंजीनियरिंग पढ़नी है, और सुना है आप उसी लाइन में हैं। थोड़ा गाइड कर दीजिए।”

वो संवाद जो “गलत नंबर” से शुरू हुआ था, अब “भविष्य की सलाह” में बदल गया।
बातें अब विषयों से निकलकर रोज़मर्रा की हो चलीं —
कौन-सा कॉलेज अच्छा है, कौन-सी किताब पढ़नी चाहिए, कौन-सा ब्रांच लड़कियों के लिए सही रहेगा।

फिर कभी मौसम की बातें, कभी संगीत की।
कभी आपसी बहसें भी होतीं —

“तुम बहुत ज़्यादा बोलते हो।”
“और तुम बहुत जल्दी नाराज़ होती हो।”

धीरे-धीरे वो तकरार भी अपनापन बन गई।

समय का पहिया घूमता गया।
ऋषिका ने बारहवीं में टॉप किया।
वैभव ने फॉर्म भरने में मदद की, कॉलेज चुनने में सलाह दी।
और जब एडमिशन का लेटर आया, तो दोनों के चेहरों पर एक जैसी मुस्कान थी —
वो कॉलेज वही था, जहाँ वैभव पढ़ता था।

अब वैभव सीनियर था, ऋषिका जूनियर।
कभी प्रोजेक्ट में मदद के बहाने, कभी लाइब्रेरी में मिलना —
बातें अब शब्दों से नहीं, नज़रों से आगे बढ़ने लगीं।
रिश्ता अब विश्वास की रोशनी में ढलने लगा था।

चार सालों में दोनों ने अपनी मेहनत से गोल्ड मेडल हासिल किया।
वो अब सिर्फ़ नंबर चोर नहीं, उसकी ज़िंदगी की प्रेरणा बन चुका था।

छह साल बाद — वही मोहल्ला, वही गली, वही दुकान।
कान्हा भइया अब अंकल हो चुके थे।
जब उन्होंने सुना कि “ऋषिका और वैभव” की शादी हो रही है, तो बोले —

“अरे, मेरी डायरी का नंबर आखिर काम आ गया!”

सब हँस पड़े।
(कान्हा भइया को भी ख़बर हो चुकी थी ऋषिका और वैभव की मोबाइल रिचार्ज डायरी वाली किस्से)

आख़िर में – हर रिश्ता चोरी किए गए नंबर से नहीं, सच्ची नीयत और भरोसे से आगे बढ़ता है।
संयोग कभी-कभी गलती से जन्म लेते हैं,
पर उन्हें निभाने की ज़िम्मेदारी समझदारी से होती है।

कान्हा भइया की वो डायरी आज नहीं है,
पर उसी के एक पन्ने पर शुरू हुई कहानी आज भी साबित करती है —

“रिश्ते तब खूबसूरत बनते हैं, जब उनमें इरादा सच्चा और नीयत साफ़ हो।”

मोबाइल स्मार्ट हो गए, रिचार्ज ऑनलाइन हो गया,
पर मोहब्बत का असली नेटवर्क अब भी “दिल से दिल” के बीच ही जुड़ता है।

छह साल का साथ… दोस्ती से लेकर प्यार, फिर नौकरी, और अंततः एक सुंदर विवाह।
वो रिश्ता जो कभी 20 रुपए के रिचार्ज से शुरू हुआ था, आज जीवनभर के कनेक्शन में बदल गया।

हर रिश्ता किसी नंबर, मैसेज या प्रोफाइल से नहीं, संवेदनाओं से जुड़ता है।
किसी डायरी में नंबर सिर्फ़ तब लिखिए जहाँ भरोसा हो —
क्योंकि “नंबर” अगर गलत हाथ में जाए तो परेशानी बनता है, पर सही दिल में जाए तो “कहानी” बन जाता है।

आज की पीढ़ी को यह सीखना होगा
दोस्ती को उतावलापन नहीं, सम्मान चाहिए।
रिश्ते को कनेक्शन नहीं, संवाद चाहिए।
और मोहब्बत को सोशल मीडिया की पोस्ट नहीं, वक़्त और समझ चाहिए।
कभी किसी की डायरी से उठाया गया नंबर — आज ज़िंदगी की डायरी में उनका नाम बन गया।
यही है सच्चे इश्क़ की सादगी और सुंदरता।


Share

2 thoughts on “मिस्टर नंबर चोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top